नीमच। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पदभार संभालते ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दे दिए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
एसपी राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अवैध अफीम और एमडी ड्रग्स के कारोबार पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
बैठक से पूर्व एसपी व्यास ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से भी परिचयात्मक चर्चा की। उन्होंने कहा कि नीमच के पत्रकार काफी सक्रिय हैं और पुलिस-प्रशासन मिलकर जिले में बेहतर माहौल बनाने का कार्य करेंगे।
नवागत एसपी के सख्त और सकारात्मक रवैये से जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं पुलिस महकमे में भी नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल रही है। आमजन को उम्मीद है कि जिले में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसा जाएगा।