नीमच। कलेक्टर एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में 2 से 8 मई तक विश्व रेडक्रॉस दिवस की थीम “मानवता में एकजुटता” के साथ रेडक्रॉस सप्ताह मनाया गया।
समापन अवसर पर स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। रेडक्रॉस सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा ने रेडक्रॉस के जनक सर हेनरी ड्यूनॉट के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क सीपीआर प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. वधवा ने बताया कि आकस्मिक स्थिति में सीपीआर देकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रो. डॉ. संजय जोशी, प्रो. असरार अंसारी, प्रो. संजीव थोरेचा, प्रो. आशुतोष शर्मा, रेडक्रॉस समन्वयक सुनील तिवारी, प्रकाश सैनी, हरीश नागदा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।