नीमच। कभी गंदगी और दुर्गंध के लिए पहचाने जाने वाला शहर का ट्रेंचिंग ग्राउंड अब स्वच्छता, हरियाली और नवाचार का उदाहरण बनता जा रहा है। शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर वहां चल रहे स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड पर प्रतिदिन लगभग 50 टन कचरे का निष्पादन मशीनों एवं मैनुअल प्रक्रिया से किया जा रहा है। कचरे का पृथक्करण कर गीले कचरे से कम्पोस्ट खाद तैयार की जा रही है, जिसका उपयोग परिसर में विकसित गार्डन एवं पौधों में किया जा रहा है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड का बदला हुआ स्वरूप निरीक्षण के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा। पिछले तीन-चार वर्षों में यहां व्यापक बदलाव किए गए हैं। पुराने टायर, प्लास्टिक बोतलों एवं पोस्टर की लकड़ियों से सजावटी सामग्री तैयार कर “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” का संदेश भी दिया जा रहा है।
इस अवसर पर सीएमओ दुर्गा बामनिया, सभापति धर्मेश पुरोहित सहित नगरपालिका की टीम मौजूद रही। अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने शहरवासियों से कचरा डस्टबिन में डालने एवं शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।