नीमच। नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित इस पहली बैठक में उन्होंने अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी व्यास ने जिले की भौगोलिक स्थिति, थाना क्षेत्रों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि अपराध रोकना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं, बच्चियों एवं समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और आमजन से सद्व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने मुख्य मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, नियमित रात्रि गश्त करने तथा जनता से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, एनडीपीएस प्रकरणों में पारदर्शिता, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, साइबर अपराधों पर नियंत्रण एवं ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने थाना रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने तथा महिला एवं साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह, आरआई विक्रम सिंह भदौरिया, कंट्रोल रूम प्रभारी शिव रघुवंशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।