खरगोन। नगर परिषद बिस्टान में पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने में अनियमितता को लेकर सीएमओ पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस अनियमतता से नाराज होकर सीएमओ के खिलाफ खुद नगर परिषद अध्यक्ष डेमासिंग नार्वे सहित उपाध्यक्ष और समस्त पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को मुख्यालय पहुंचे अध्यक्ष सहित पार्षदों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को कलेक्टर के नाम शिकायती ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में मुख्य नगरपालिका अधिकारी संतोष कुमार पाराशर पर मनमानी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है। नगर परिषद अध्यक्ष डेमसिंह नार्वे ने शिकायती आवेदन में बताया कि बिस्टान में सीएमओ संतोष कुमार पाराशर ने बिना परिषद की बैठक लिए पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने की डीपीआर तैयायर कर टैंडर भी लगा दिया।
इस डीपीआर को परिषद/पीआईसी से 1 करोड़ 5 लाख 89 हजार 95 रुपए की स्वीकृति भी मनमाने ढंग से कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया कि सीएमओ ने परिषद/ पीआईसी की बैठक में इस संबंध में कोई जानकारी नहीं रखी और न ही किसी पार्षद को जानकारी दी गई। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर सीएमओ को नहीं हटाया गया, तो सभी पार्षद धरने पर बैठेंगे। उन्होंने सीएमओ को हटाकर योजना संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।