शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी राजू जाटव अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ बाइक से इंदौर से गुना एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे शाजापुर बाईपास क्षेत्र के मझनिया के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे मवेशी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार परिवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
घायल दंपत्ति ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची। मजबूरी में उन्हें निजी एंबुलेंस की सहायता लेनी पड़ी।
निजी एंबुलेंस की मदद से घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घायल माता-पिता का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर लावारिस मवेशियों की समस्या और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।