बोलिया (गरोठ)। कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन में राहगीर अभियान के तहत ग्राम बोलिया में शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर खेतों तक सुगम मार्ग बनाया जा रहा है।
अभियान के तहत तहसीलदार अर्जुन भदोरिया, नायब तहसीलदार रघुनाथ मचार एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हल्का पटवारी तथा ग्रामीणों और किसानों के सहयोग से अतिक्रमण हटाया गया। किसानों ने स्वयं आगे आकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान बोलिया-कोटड़ा बुजुर्ग सड़क से हरिपुरा के खेतों तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा सुगम खेत पहुंच मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना है।
गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि किसानों के जनसहयोग से अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में रास्तों को लगातार अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ ग्रामीणों एवं कृषकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।