बड़वानी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगुद में अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों से 6 पानी की मोटरें काटकर तांबे के तार सहित चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भारी चिंता और आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने खेतों में लगी मोटरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी एकलरा बसाहट क्षेत्र के नर्मदा किनारे स्थित खेतों से कई पानी की मोटर चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे किसानों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान होकर ग्राम बगुद के ग्रामीण बड़ी संख्या में पुलिस थाना पहुंचे और अज्ञात चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की अपील की है।