झाबुआ। जनजातीय प्रकोष्ठ लोक भवन, भोपाल से विधि विशेषज्ञ बी.एस. रावत दो दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचे, जहां उन्होंने कृषि, उद्यानिकी एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत संचालित इकाइयों का भ्रमण किया। ग्राम दौलतपुरा निवासी निलेश डामोर द्वारा संचालित आइसक्रीम यूनिट का अवलोकन करते हुए उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी, गुणवत्ता नियंत्रण एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने इस इकाई को ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का बेहतर उदाहरण बताया।
इसके अलावा बी.एस. रावत ने ग्राम मानपुर में कृषक रसु मडिया के खेत पर स्थापित ड्रिप सिंचाई प्रणाली एवं कृषक हमु मडिया के अमरूद उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल संरक्षण एवं उत्पादन वृद्धि पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने किसानों को नवाचार आधारित तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि पद्धतियां किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फसल बीमा योजना के हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के लाभ एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
अंत में उन्होंने उद्यानिकी विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।