नीमच। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रयासों से नीमच जिले के मनासा विकासखंड के ग्राम खानखेड़ी में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की नई मिसाल देखने को मिल रही है। वर्ष 2018 में शुरू हुई पहल के बाद आज गांव में 24 महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं।
ग्राम पंचायत खानखेड़ी के “राधे राधे” स्वयं सहायता समूह की सदस्य राधा बैरागी ने समूह एवं बैंक से ऋण लेकर पहले मनिहारी की दुकान शुरू की और वर्ष 2023 में साड़ी की दुकान एवं जनरल स्टोर का संचालन प्रारंभ किया। इससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 540 रुपए की आय प्राप्त हो रही है। साथ ही परिवारजन कृषि कार्य में भी सहयोग कर रहे हैं।
राधा बैरागी अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और घर से बाहर निकलकर आजीविका गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
समूह की महिलाओं ने रिवॉल्विंग फंड, सीआईएफ एवं स्वयं की बचत राशि से प्राप्त आर्थिक सहयोग का उपयोग कृषि कार्य, किराना दुकान एवं पशुपालन जैसी गतिविधियों में किया है।
2018 से पहले जहां गांव में कोई स्वयं सहायता समूह नहीं था, वहीं आज आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।