झाबुआ। जिले में लगातार बढ़ते तापमान एवं तेज गर्मी को देखते हुए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, कलेक्टर ने कहा है कि वर्तमान में जिले के अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में लू (हीट स्ट्रोक) एवं शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, पिछले कुछ दिनों में चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी, बुखार एवं बेहोशी जैसी शिकायतों वाले मरीज अधिक संख्या में सामने आए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि विशेष रूप से बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएँ, छोटे बच्चे तथा शुगर, बीपी, हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति अधिक जोखिम में हैं उन्होंने आमजन से अपील की है कि गर्मी को सामान्य रूप से न लें तथा लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करें।