रतलाम। जनगणना कार्य निदेशालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य जिले में 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जा रहा है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाने हेतु जिले में अधिकारियों द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है।
चार्ज अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
साथ ही, उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।