देवास। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित “जल गंगा संवर्धन एवं जल संचय जन भागीदारी अभियान” के तहत जिला पंचायत देवास की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ज्योति शर्मा ने शनिवार को जनपद पंचायत देवास की ग्राम पंचायत बरोठा स्थित पीर बड़ला गौशाला पहुंचकर जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान सीईओ ने 500 कंटूर ट्रेंच (CPT) खुदाई कार्य का शुभारंभ किया तथा ग्रामीणों के साथ संवाद कर जल संचय के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
सीईओ ज्योति शर्मा ने बताया कि “जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना है। कंटूर ट्रेंच जैसे कार्यों से वर्षा जल को सहेजकर भू-जल स्तर बढ़ाया जा सकता है। इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है, तभी इस अभियान को स्थायी सफलता मिलेगी।”
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत बरोठा के सरपंच रोहित नागर सहित अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से पहाड़ी एवं ढलान वाले क्षेत्रों में कंटूर ट्रेंच निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वर्षा जल के बहाव को रोककर भूमि में नमी बनाए रखी जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सीईओ ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि जल संरक्षण के इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।