देवास। जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक अदालत में विद्युत वितरण कंपनी, बैंक, कुटुंब न्यायालय, फौजदारी प्रकरण, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान अनेक प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
मुख्य प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आमजन को त्वरित एवं सरल न्याय उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि बैंक एवं विद्युत विभाग से जुड़े मामलों में विशेष छूट प्रदान कर प्रकरणों का निपटारा किया गया। वहीं कुटुंब न्यायालय में लंबे समय से लंबित पारिवारिक विवादों को आपसी सामंजस्य एवं समझाइश के जरिए सुलझाया जाता है।
लोक अदालत में बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे। मौके पर ही कई मामलों के निराकरण से लोगों ने राहत महसूस की और इस पहल की सराहना की जा रही है