सोनकच्छ। थाना क्षेत्र के ग्राम तालोद में मामूली उधारी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पांच रुपए की पेप्सी उधार नहीं देने पर नाराज़ तीन युवकों ने किराना दुकान संचालक फुलचंद सिसोदिया पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार, एक बच्चे को उधार पेप्सी नहीं देने से नाराज़ होकर उसके परिवार के तीन युवककृगोविंद टकवाना, कृष्णपाल सिंह गोयल और आदर्शकृदुकान पर पहुंचे। पहले उन्होंने गाली-गलौज की और फिर अपने साथ लाए पॉलीथिन बैग में भरे पेट्रोल को दुकानदार पर छिड़ककर आग लगा दी।
अचानक आग की लपटों में घिरे दुकानदार ने किसी तरह घर की ओर भागकर बाथरूम में पानी डालकर खुद को बचाया। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, वहीं दुकान भी आंशिक रूप से जल गई। परिजनों ने तत्काल आग बुझाई और घायल को इलाज के लिए सोनकच्छ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।