मंदसौर। जिले में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से मंदसौर पुलिस द्वारा शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। एसपी विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ की गई कार्रवाई में कुल 196 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 40 स्थायी वारंटी तथा 27 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।

विशेष अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों सहित 350 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जिलेभर में 33 अलग-अलग गश्त पार्टियों ने रातभर दबिश देकर अपराधियों एवं निगरानी बदमाशों की धरपकड़ की।

हिस्ट्रीशीटरों और निगरानी बदमाशों की जांच-
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 31 निगरानी बदमाशों की जांच की। इसके अलावा 44 गुंडों एवं बदमाशों की चेकिंग भी की गई। कुल 76 हिस्ट्रीशीटर, जिलाबदर एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा कर उनकी निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई-
रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए 17 प्रकरण दर्ज किए तथा 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 73.12 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार 970 रुपए बताई गई है।

जुआ-सट्टा चलाने वालों पर भी शिकंजा-
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1030 रुपए नकद जब्त किए गए। इसके अलावा धारा 151 के तहत दो आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

8 एवं 9 मई 2026 की दरमियानी रात जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया।
थाना अनुसार स्थायी वारंटी गिरफ्तारी
भावगढ़ थाना – 5
दलौदा थाना – 2
नाहरगढ़ थाना – 5
पिपलियामंडी थाना – 7
नारायणगढ़ थाना – 4
मल्हारगढ़ थाना – 1
सीतामऊ थाना – 5
सुवासरा थाना – 3
शामगढ़ थाना – 3
गरोठ थाना – 2
भानपुरा थाना – 3
जबकि कोतवाली, वायडी नगर, नई आबादी एवं अफजलपुर थाना क्षेत्रों में स्थायी वारंटी गिरफ्तारी नहीं हुई।
गिरफ्तारी वारंटियों में भी सफलता
अभियान के दौरान कुल 27 गिरफ्तारी वारंटियों को तामील किया गया। थाना अनुसार कार्रवाई इस प्रकार रही—
अफजलपुर थाना – 2
पिपलियामंडी थाना – 1
नारायणगढ़ थाना – 2
मल्हारगढ़ थाना – 5
सीतामऊ थाना – 4
सुवासरा थाना – 2
शामगढ़ थाना – 5
गरोठ थाना – 4
भानपुरा थाना – 2

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी-
एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि जिले में आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
