उज्जैन। शनिवार को शनि मंदिर परिसर के पास एक संदिग्ध बैग रखे होने की सूचना मिली। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची पुलिस ने तुरंत सर्चिंग शुरू कर दी। की। सबसे पहले डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध बैग की प्रारंभिक जांच की, फिर बग निरोधक दस्ते ने विभिन्न उपकरणों से जांच की। यह गतिविधि पुलिस की मॉक ड्रिल का हिस्सा थी, जो सिंहस्थ 2028 में सुरक्षा व्यवस्था दुरस्त करने के मद्देनजर की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया और सुरक्षा प्रक्रिया शुरू की। सबसे पहले डॉग स्क्वॉड द्वारा संदिग्ध बैग की प्रारंभिक जांच की गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की मदद से बैग की जांच की। संदिग्ध वस्तु होने की आशंका पर बीडीडीएस टीम के जवान विशेष सुरक्षा सूट पहनकर मौके पर पहुंचे और सर्चिंग अभियान चलाया।
नए उपकरण भी खरीद रही पुलिस
उज्जैन पुलिस का कहना है कि आने वाले सिंहस्थ में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के सभी इंतजाम अपडेट किए जा रहे हैं। इसके लिए नए उपकरण भी खरीदे जा रहे हैं, जिन्हें भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं आपदा प्रबंधन क्षमता का परीक्षण किया गया। उज्जैन पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सतत रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
श्रद्धालु घबरा गए, लोगों की भीड़ जमा हो गई
मॉक ड्रिल के दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे कई श्रद्धालु शुरुआत में घबरा गए। वहीं घटनास्थल पर कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। हालांकि बाद में पुलिस ने लोगों को बताया कि यह केवल सुरक्षा अभ्यास है, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।