चित्तौड़गढ़। मदर्स डे के अवसर पर चित्तौड़गढ़ ब्रह्मकुमारी सेवा केंद्र में विशेष सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र प्रभारी आशा दीदी ने उपस्थित सभी माता-बहनों को मातृत्व दिवस का वास्तविक महत्व समझाते हुए मां के दिव्य स्वरूप पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सृष्टि में भगवान हर स्थान पर प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सकते, इसलिए उन्होंने मां के रूप में अपना सबसे श्रेष्ठ स्वरूप प्रदान किया है। मां ही वह शक्ति है जो अपने जीवन का जोखिम उठाकर नवजीवन को जन्म देती है और उसका पालन-पोषण करती है। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि परमात्मा ने हमें मां जैसा अनमोल वरदान दिया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी मां का सम्मान, आदर और आवश्यकता के समय उनका साथ अवश्य दे।
आशा दीदी जी ने आध्यात्मिक दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि जैसे एक सांसारिक मां बच्चे का पालन-पोषण कर उसे बड़ा करती है, उसी प्रकार परमपिता परमात्मा भोलानाथ शिव समस्त आत्माओं के आध्यात्मिक पिता एवं माता हैं, जो हमें श्रेष्ठ जीवन जीने तथा दिव्य गुणों से भरने के लिए ईश्वरीय ज्ञान प्रदान करते रहते हैं।
उन्होंने सभी को मातृत्व दिवस के अवसर पर संकल्प दिलाया कि हम अपने जीवन में प्रत्येक मां स्वरूप का सम्मान करेंगे तथा मानवता, प्रेम और संस्कारों को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया।