मंदसौर। शहर के कालाखेत स्थित करोड़ों रुपए की लागत से बने कॉम्प्लेक्स को शनिवार को प्रशासन ने खाली करवा लिया। कई वर्षों से यहां साठिया समाज के लोगों का कब्जा था, जिसके चलते पूरा कॉम्प्लेक्स वीरान और जर्जर स्थिति में पहुंच गया था। प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस और अल्टीमेटम दिए जाने के बाद आज कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। हालांकि प्रशासन की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही साठिया समाज के लोग अपना घरेलू सामान लेकर स्वयं ही वहां से निकलते दिखाई दिए। प्रशासन ने समाज के लोगों को शहर में अन्यत्र स्थान उपलब्ध कराने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से कब्जे के कारण कॉम्प्लेक्स की अधिकांश दुकानें बंद पड़ी थीं और उनकी हालत खराब हो चुकी है। शनिवार को हुई कार्रवाई के बाद पूरा कालाखेत क्षेत्र खाली हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र को व्यवस्थित कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।