चित्तौड़गढ। राजस्थान पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थाना प्रभारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम शुक्रवार को जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम कमल किशोर माली निवासी देवा थाना मोहनगढ़ जिला जैसलमेर बताया।
तलाशी के दौरान कार में रखी दो थैलियों से 3 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना कोतवाली निंबाहेड़ा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।