देवास। कांग्रेस नेता एवं एडवोकेट जितेंद्र सिंह गौड़ पर की गई जिला बदर कार्रवाई के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति रैली के रूप में भोपाल चौराहा से कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भोपाल चौराहा से शुरू हुई रैली में मातृशक्ति और कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला बदर की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आदेश वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस कार्रवाई से समाज में असंतोष बढ़ रहा है।
इस दौरान सज्जन सिंह वर्मा ने कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जिला बदर का आदेश वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने कलेक्टर और एसपी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही। प्रदर्शन के दौरान मातृशक्ति ने भी प्रशासन से तत्काल निर्णय वापस लेने की मांग की।