चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत डूंगला थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को मध्यप्रदेश के नीमच जिले से गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ तस्करों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डूंगला पुलिस ने आरोपी दिलखुश पिता सालगराम रावत, निवासी खेजड़ी थाना कुकडेश्वर जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया।
आरोपी थाना मंगलवाड़ के एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में वांछित था और लंबे समय से फरार होकर लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय चित्तौड़गढ़ द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शैतान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खेजड़ी गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कन्हैयालाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थ तस्करी एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।