चित्तौड़गढ़। राज्य स्तर पर चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत भोपालसागर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना के टॉप-10 में शामिल स्थायी वारंटी को उदयपुर से गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजस्थान के निर्देशानुसार संगीन एवं गंभीर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हार्डकोर अपराधी, इनामी बदमाश, गैंगस्टर, टॉप-10 अपराधी तथा अवैध हथियार रखने और उपयोग करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए थाना भोपालसागर से विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने थाना के टॉप-10 में चयनित स्थायी वारंटी गोपाल पिता बद्रीलाल जाति लौहार निवासी मनोहरिया खेड़ी, पोस्ट अनोपपुरा थाना रेलमगरा जिला राजसमंद की तलाश शुरू की। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारंटी उदयपुर के हिरणमगरी क्षेत्र के सेक्टर-5 में मौजूद है। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में थानाधिकारी घेवरचंद, एएसआई तेजमल, कांस्टेबल रामचंद्र और राधेश्याम की अहम भूमिका रही।