नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा देश के अमर वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत वर्ष 2010 में आतंकियों से मुकाबला करते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ जवान इलाप सिंह पटेल एवं संतोष चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
जानकारी के अनुसार हरदा जिले के ग्राम शाल्याखेड़ी निवासी इलाप सिंह पटेल एवं खरगोन जिले के ग्राम बघाड़ी निवासी संतोष चौहान वर्ष 2010 में 168 बटालियन में तैनात थे। 8 मई 2010 को आतंकियों से मुकाबला करते हुए दोनों जवानों ने मातृभूमि की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान दिया था।
इसी क्रम में ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के सहायक कमांडेंट सुभाष यादव एवं रोहतास कुमार शहीदों के गृह निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन, गणमान्य नागरिक एवं परिजन उपस्थित रहे।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि शहीदों के परिवार सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके हर सुख-दुख में बल सदैव साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।