मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्लॉट बुकिंग की तिथि बढ़ाने के साथ किसानों को उपज का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जा रहा है।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना कमलेश कुमार भार्गव ने शनिवार को जिले के विभिन्न गेहूं उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बिचौला, विपणन सहकारी संस्था (लीड) अम्बाह, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सेंथरा अहीर, विपणन सहकारी संस्था (लीड) पोरसा, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पढ़ावली, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति रिठौना एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भौनपुरा-पोरसा का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने उपार्जन केंद्रों पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने किसानों से खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, स्लॉट बुकिंग एवं भुगतान संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री भार्गव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा गेहूं खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को समय पर सुविधा एवं उचित मूल्य उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।