गरोठ। कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन एवं एसडीएम राहुल चौहान के निर्देशन में राजस्व विभाग द्वारा गरोठ उपखंड की तहसील गरोठ, भानपुरा एवं शामगढ़ में शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शामगढ़ तहसील के बनी क्षेत्र में ‘राहगीर अभियान’ के तहत शासकीय मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। हल्का पटवारी फूलचंद जजावरा की उपस्थिति में जनसहयोग से अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के दौरान एसडीएम राहुल चौहान ने स्वयं मौके पर पहुंचकर हटाए गए अतिक्रमण का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा की। इस दौरान किसानों ने अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।