नीमच। इंदौर में आयोजित UCMAS की 21वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नीमच के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 6 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जहां बच्चों ने बिना कैलकुलेटर के कठिन गणनाएं हल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
संस्था की डायरेक्टर शिखा सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के लगभग 200 सेंटरों से 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को 8 मिनट में 200 कठिन गणनाएं हल करनी थीं। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक था।
प्रतियोगिता में नीमच के उज्ज्वल चौहान ने सेकंड रनअप ट्रॉफी हासिल की। वहीं ध्रुव सिहल, आर्यमन चोरड़िया, उजर, वंश चोपड़ा और कपिश खेडेवाल को मेरिट ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। प्रियंका शर्मा एवं आरोही गोयल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
कोर्स इंस्ट्रक्टर स्नेहल सांखला ने बताया कि बच्चों ने लगातार दो माह तक कड़ी मेहनत और अभ्यास किया, जिसका परिणाम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया। बच्चों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है।