भोपाल। भारत भवन में हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने पर 8 मई से 10 तक तीन दिवसीय प्रणाम उदंत मार्तण्ड कार्यक्रम चल रहा है। शनिवार 9 मई को कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो समाज अपना अतीत नहीं जानता उसका कोई भविष्य नहीं है।
हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि देश निर्माण रातों-रात नहीं होता, इसके लिए मजबूत अर्थव्यवस्था, तकनीक और आत्मनिर्भरता जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश का सोना गिरवी रखना पड़ा था, जबकि आज भारत के पास मजबूत स्वर्ण भंडार है।
उपसभापति ने कहा कि पहले देश का धन बाहर जाता रहा, लेकिन अब लाखों शेल कंपनियों को बंद किया गया है। उन्होंने चाणक्य और स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था के बिना किसी राष्ट्र का सम्मान संभव नहीं है।
2014 से पहले देश में स्टार्टअप की चर्चा नहीं होती थी
उपसभापति ने कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप संस्कृति की चर्चा नहीं होती थी, लेकिन अब भारत में उद्यमिता का नया माहौल विकसित हुआ है। डिजिटल इंडिया का उल्लेख करते हुए उपसभापति ने कहा कि जिस योजना का कभी उपहास उड़ाया गया था, आज उसी के जरिए गांव-गांव में यूपीआई भुगतान हो रहा है।
तकनीक में पिछड़ना गुलामी का कारण
हरिवंश ने कहा कि जो देश तकनीक में पिछड़ जाता है, उसके सामने गुलाम होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों को सीखने और उनके विकास में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने 5जी, डिजिटल नेटवर्क और रेल निर्माण जैसे क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता की 200 साल की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी, लाइव कार्टून शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं। समारोह में सीनियर पत्रकार, शिक्षाविद और मीडिया विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
कल समापन, सीएम मोहन यादव शामिल होंगे
कल यानी रविवार को कार्यक्रम का समापन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। समापन से पूर्व आयोजित ‘स्वाभिमानी भारत’ सत्र में निर्देशक एवं अभिनेता चंद्र प्रकाश द्विवेदी शामिल होंगे। वहीं ‘भारतीय भाषाओं का राष्ट्रीय स्वर’ विषयक सत्र में प्रो. कृपाशंकर चौबे, शैलेश पाण्डेय, हर्षवर्धन त्रिपाठी और जयंती रंगनाथन अपने विचार रखेंगे।