शिवपुरी। यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के तहत शिवपुरी में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज माधव चौक पर वाहन चौकिंग अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दी गई।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया के निर्देश पर यातायात पुलिस ने आमजन को हेलमेट के प्रति जागरूक किया। साथ ही नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन नहीं चलाने को लेकर भी लोगों को समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि पूर्व में शहर में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले कई लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए अब बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।