देवास। शहर के नई आबादी क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कचरा गाड़ी चालकों पर एक युवक की बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
फरियादी रवि के अनुसार, पिछले कई दिनों से उनकी गली में कचरा गाड़ी नहीं आ रही थी। इस समस्या को लेकर उन्होंने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद जब कचरा वाहन नहीं पहुंचा तो उन्होंने चालकों से इस संबंध में बात की। आरोप है कि इसी बात को लेकर चालकों ने उन्हें धमकी दी थी कि “तुम शिकायत करते हो।”
फरियादी का आरोप है कि देर रात शुभम वेद, लकी वेद सहित अन्य आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचे और खड़ी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई, वहीं पास में खड़े एक ठेले को भी नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।