मुरैना। नवागत पुलिस अधीक्षक जिला मुरैना धर्मराज मीना (भापुसे) द्वारा जिले के अनुभाग अम्बाह अंतर्गत थाना सबलगढ़, अम्बाह एवं पोरसा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी एवं अधीनस्थ स्टाफ से परिचय प्राप्त कर थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सामाजिक पृष्ठभूमि, वार्षिक अपराध सांख्यिकी, उपलब्ध पुलिस बल एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, हवालात, मालखाना, रिकॉर्ड संधारण एवं सीसीटीवी कैमरा सर्विलांस व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने हवालात सुरक्षा एवं मालखाने में रखे माल के संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अवैध गतिविधियों, अवैध खनन, मादक पदार्थों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने, सघन वाहन चेकिंग चलाने एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। साथ ही पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वेशभूषा में उत्तम टर्नआउट बनाए रखने तथा थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता से निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी गश्त करने एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर अभिलेख संधारित करने के भी दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना सबलगढ़ निरीक्षण के साथ पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना द्वारा चंबल नदी के रहू घाट एवं बटेश्वरा घाट का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए तथा नदी की ओर जाने वाले मार्गों को बंद कराने हेतु गड्ढे खुदवाए गए।
घाट क्षेत्र के आसपास निवासरत ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई कि “नदी जीवनदायिनी मां होती है, उसके आसपास रेत का अवैध उत्खनन नहीं किया जाएगा।” निरीक्षण के दौरान एसडीओपी सबलगढ़ राजकृष्णा, थाना प्रभारी सबलगढ़ निरीक्षक राजकुमारी परमार, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।