रतलाम। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, रतलाम द्वारा जिले में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने ताल और आलोट क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। जांच के दौरान बिना लाइसेंस संचालित हो रही दो फर्मों पर प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
कहां से कौन-से सैंपल लिए गए?
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच की और निम्नलिखित नमूने लिए
ताल क्षेत्र: फर्म विनयकुमार कैलाशचंद्र से हॉर्लिक्स पाउडर और ग्राम बामनखेड़ी स्थित श्री कृष्णा दूध संग्रहण केन्द्र से गाय के दूध का सैंपल लिया गया।
आलोट क्षेत्र: बजरंग आइसक्रीम से कुल्फी और श्री देवनारायण आइसक्रीम से गुलाब सिरप व शक्कर के घोल का नमूना लिया गया।
किराना दुकान: संजय चौक (आलोट) स्थित रचित किराना से बादाम, वनस्पति और सोयाबीन तेल के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
बिना लाइसेंस संचालन पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान टीम ने दस्तावेजों की भी जांच की। इसमें सामने आया कि बजरंग आइसक्रीम और रचित किराना दोनों ही फर्में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित की जा रही थीं। नियम विरुद्ध व्यापार करने पर खाद्य विभाग ने दोनों के खिलाफ बिना लाइसेंस संचालन का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
भोपाल लैब में होगी सैंपलों की जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवक्ता के आधार पर संबंधित फर्मों पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।