ग्वालियर/अशोकनगर। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अशोकनगर जिला अस्पताल में प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला के औचक निरीक्षण से पहले कर्मचारियों ने अस्पताल की बदबू छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर का छिड़काव किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मंत्री अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचने वाले थे। इससे पहले कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में जगह-जगह स्प्रे छिड़ककर माहौल को खुशबूदार बनाने की कोशिश की, ताकि मंत्री को गंदगी और बदबू का एहसास न हो। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “मरीज बदबू झेलते रहें, लेकिन मंत्री जी के लिए खुशबू छिड़की जाएगी।” कांग्रेस ने इसे सरकारी सिस्टम की असलियत बताते हुए कहा कि समस्याओं को खत्म करने के बजाय सिर्फ छिपाने का काम किया जा रहा है।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर अस्पतालों की सफाई और सुविधाओं पर ध्यान दिया जाता, तो बदबू छिपाने के लिए स्प्रे का सहारा नहीं लेना पड़ता।