खरगोन। कोतवाली क्षेत्र में पिछले तीन महीनों से वीकेंड पर लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों और रहवासियों में दहशत का माहौल है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने शहर के व्यस्ततम चित्तौड़गढ़-भुसावल हाईवे पर स्थित एक थोक किराणा दुकान और नूतन नगर की दूध डेयरी को निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक चोरों ने बिस्टान रोड अनाज मंडी के सामने स्थित मधुरेश थोक किराणा दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान संचालक नवनीत लाल भंडारी ने बताया कि चोर गल्ले में रखी करीब 10 हजार रुपए की चिल्लर चोरी कर ले गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो चोर बेखौफ होकर दुकान में सर्चिंग करते नजर आए।
वहीं नूतन नगर स्थित सैनी दूध डेयरी में भी चोरों ने धावा बोला। डेयरी संचालक दीपक सैनी के अनुसार चोर करीब 4 हजार रुपए की चिल्लर, सिगरेट के पैकेट और पाउच चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोर दुकान में रखे फ्रीज से आईस्क्रीम निकालकर खाते भी नजर आए।
दीपक सैनी ने बताया कि गत वर्ष 10 मई की रात भी उनकी दुकान में चोरी का प्रयास हुआ था। उस दौरान रहवासियों ने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। लगातार हो रही वारदातों के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।