देवास। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने “लुटेरी दुल्हन” समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹1,18,500 नकद बरामद किए हैं।
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार, फरियादी जानकीलाल पुवाड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे की शादी नहीं हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर अंतर सिंह नामक व्यक्ति ने शादी कराने का झांसा दिया और करीब ₹2 लाख खर्च होने की बात कही।
आरोपी फरियादी को राजगढ़ जिले के जीरापुर ले गए, जहां सीमा नाम की युवती का उसकी मौसी गीता बाई के जरिए रिश्ता तय कराया गया। बाद में युवती को देवास लाकर विवाह की रस्म पूरी कराई गई और आरोपियों ने ₹2 लाख ले लिए। लेकिन शादी के अगले ही दिन “दुल्हन” सीमा यादव घर से फरार हो गई। इसके बाद ठगी का एहसास होने पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी सुमित अग्रवाल के निर्देशन और थाना प्रभारी आलोक सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीमा बाई, गीता बाई, पूनमचंद लोधी, कमल मालवीय, फारूक मंसूरी और कमल उर्फ दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से नगदी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह शादी का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था और फिर फरार हो जाता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।