देवास। सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने और फोन कॉल के जरिए परेशान किए जाने के आरोप में एक युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
बालगढ़ निवासी आयुषी परमार ने बताया कि उनकी इंस्टाग्राम आईडी को लगातार हैक करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें बार-बार ओटीपी, लॉगिन अलर्ट और पासवर्ड रीसेट से जुड़े मैसेज मिल रहे हैं, जिससे उनकी निजी जानकारी और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
फरियादी के अनुसार 7 मई 2026 की रात अज्ञात नंबरों से कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज भी प्राप्त हुए, जिनमें निजी जानकारी पूछी गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।युवती ने आवेदन में आकाश सोलंकी, विजय और सुरेंद्र गुनाया उर्फ सोनू पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
युवती ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में उनके सोशल मीडिया अकाउंट और निजी जानकारी का दुरुपयोग न हो सके। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।