नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं का तत्काल परिवहन कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर उपार्जित गेहूं परिवहन के अभाव में लंबित नहीं रहना चाहिए। ट्रांसपोर्टर खरीदी गई उपज के अनुरूप पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर उठाव और भंडारण की प्रक्रिया पूरी हो सके।
सोमवार को आयोजित उपार्जन कार्य समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने केंद्रवार खरीदी गई उपज, परिवहन की स्थिति, भंडारण क्षमता, स्लॉट बुकिंग, शेष किसानों एवं आगामी दिनों में संभावित खरीदी की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, नागरिक आपूर्ति अधिकारी आरएन दिवाकर, उप संचालक कृषि दिनेश मंडलोई, सहायक आयुक्त सहकारिता राजू डाबर, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के आरपी नागदा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर चंद्रा ने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि मोरवन, जीरन, बावल, झांलता, सिंगोली, जाट, लासुर, अल्हेड़ और हरवार केंद्रों पर आवश्यकतानुसार तत्काल वाहन उपलब्ध कराकर उपज का परिवहन एवं गोदामों में भंडारण कराया जाए।
उन्होंने सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक कृषि एवं जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिकारियों को विभिन्न खरीदी केंद्रों का भ्रमण कर मौके पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही किसानों को उपज का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।