सतना। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को सतना पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश और राष्ट्रीय मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। सतना सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव, लोकतंत्र और जिले में कुपोषण की स्थिति और हालिया प्रधानमंत्री मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए
पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वहां लोकतंत्र की हत्या हुई है। चुनाव को लूटा गया है। चुनाव के बीच में अधिकारियों के तबादले किए गए और करीब 70 लाख लोगों का मतदान होल्ड कर दिया गया। उनका कहना था कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए अच्छा संदेश नहीं देतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं कराए गए।
प्रदेश में कुपोषण की स्थिति पर जताई चिंता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सतना जिले में कुपोषण की गंभीर स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले में सबसे ज्यादा कुपोषण देखने को मिल रहा है, लेकिन सरकार केवल दावे कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मात्र 40 रुपए में किसी बच्चे को पोषित करना कैसे संभव हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुपोषण दूर करने के नाम पर केवल भ्रष्टाचार किया जा रहा है और योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बच्चों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा।
जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और पोषण जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं लगातार कमजोर होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से कुपोषण की वास्तविक स्थिति पर गंभीरता से काम करने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदेश में पर्ची से चल रही सरकार
प्रधानमंत्री द्वारा रविवार को देशवासियों से पेट्रोल डीजल का कम इस्तेमाल और सोना नहीं खरीदने की अपील पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को ऐसा विश्वगुरु बनाना चाहते है जिसमें विदेश मत जाओ, सोना नहीं खरीदो। उन्होंने कहा कि मैं फिर दोहरा रहा हूं कि देश के सबसे कमजोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। प्रदेश की पर्ची वाली सरकार मोदी और शाह चला रहे हैं और भारत का शासन ट्रंप चला रहे हैं।
पीसीसी चीफ ने कहा कि एपस्टीन फाइल का अभी आधा सच भी बाहर नहीं आया है। 33 हजार फाइल अभी खुलना बाकी है। जिस दिन पूरा सच सामने आएगा तो पता चलेगा कि मोदी की लगाम ट्रंप के हाथों में है।