मनासा। तहसील के ग्राम देवरी खवासा में लंबे समय से चल रहा भूमि विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड मनासा न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरहरी शर्मा पिता स्व. घासीराम शर्मा ने सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि ग्राम देवरी खवासा स्थित सर्वे नंबर 1437, 1438 एवं 1439 की भूमि उनके स्वामित्व की है। उक्त भूमि पर न्यायालय के आदेशानुसार कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।
सूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्रवाई के दौरान आंत्रीमाता-देवरी खवासा मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हो सकता है, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा हो सकती है। नरहरी शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के पालन में की जा रही है।
न्यायालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित पक्ष को विवादित भूमि पर बनाए गए सड़क मार्ग को हटाने तथा पश्चिम दिशा में स्थित विद्युत पोल को हटाकर रास्ता चौड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भूमि स्वामी को कब्जा सौंपा जा सके। आदेश में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय में निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित पक्ष स्वयं के खर्च पर सड़क हटाने के लिए जिम्मेदार होगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस विभाग को भी सूचना दे दी गई है। क्षेत्र में पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।