पोलायकला। प्रसिद्ध शनि मंदिर ग्राम लकुमड़ी में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मनोहारी प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे। मंदिर परिसर भगवान कृष्ण के जयकारों और भजनों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ आहुति एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कथा वाचन करते हुए भगवताचार्य पंडित सज्जन शर्मा ने सत्य और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “सत्य से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता। राजा हरिश्चंद्र ने सत्य की रक्षा के लिए अपना राजपाट तक त्याग दिया था। सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति अंततः सम्मान और सफलता प्राप्त करता है।
उन्होंने कथा के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कार और सदाचार का पालन करने का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करते नजर आए और कृष्ण जन्मोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार संघ ब्लॉक पोलायकला अध्यक्ष मुकेश शर्मा सोहन मरेठिया दोलत सिह दांगी द्वारा भगवताचार्य पंडित सज्जन शर्मा का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।