नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज दिनांक 12.05.2026 को यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर एवं टीम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को यातायात थाना परिसर का भ्रमण कराया गया।
यातायात नियमों की दी विस्तृत जानकारी-
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा पैदल सड़क पार करने के नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही टेगोर मार्ग पर चल रही वाहन चेकिंग के दौरान दस्तावेजों की आवश्यकता एवं नियमों के पालन के महत्व को भी समझाया गया।
इंटरसेप्टर वाहन और उपकरणों की जानकारी-
बच्चों को थाना परिसर में उपयोग होने वाले इंटरसेप्टर वाहन, बुलेट वाहन एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की जानकारी भी दी गई, जिससे उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।
चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन-
थाना परिसर में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने यातायात नियमों पर आधारित 15 आकर्षक चित्र बनाए। प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल, कलर, ड्रॉइंग सीट एवं ज्योमेट्री बॉक्स भी वितरित किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई-
इसी दौरान वाहन चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 21 चालान बनाए गए, जिनसे कुल 8100 का समन शुल्क वसूला गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य- सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।