चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को जिला परिषद सभागार में विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की बैठक,राइजिंग राजस्थान एवं सीएसआर कार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रमुख सी एस आर एटॉमिक प्लांट रावतभाटा, हिंदुस्तान जिंक, वंडर, जे.के. सीमेंट, अल्ट्राटेक, बिड़ला सीमेंट, असहाई , न्यूवोको आदि ने वर्ष 2025-26 में कॉर्पाेरेट सामाजिक दायित्व अंतर्गत किए गए विकास कार्यों को प्रस्तुत किया व वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षा एवं लाइब्रेरी विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए जिला कलक्टर ने सभी सीएसआर प्रतिनिधियों को आंगनवाड़ियों की मरम्मत, विद्यालय भवनों के निर्माण एवं रिपेयरिंग तथा स्किल डेवलपमेंट सेंटर से जुड़े कार्यों में सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने एवं विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने चिकित्सालयों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चारागाह भूमि विकास, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा सड़क चौड़ीकरण जैसे जनहित कार्यों को भी प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए।
बैठक में “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत भी विस्तृत चर्चा हुई। उप वन संरक्षक ने औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करने के निर्देश दिए तथा बताया कि वन विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के लिए पौधे तैयार किए गए हैं। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बस्सी अभयारण्य के विकास, जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजन, सघन पौधारोपण, ओवरब्रिज एवं फ्लाईओवर क्षेत्र, पार्क सर्किल, रोडसाइड एवं डिवाइडर प्लांटेशन कराने पर भी चर्चा की गई। नगर परिषद को डिवाइडर प्लांटेशन के निर्देश दिए गए। राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत हुए एमओयू निवेशकों के प्रकरण शीघ्रता से निस्तारण करने के निर्देश विभागों को दिए गए।
बैठक में उप वन संरक्षक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी की अंशुल अमेरिया, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक राहुल देव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सीएसआर प्रतिनिधि ,उद्योग संघों से अर्जुन मुंदड़ा, राकेश चोपड़ा, ज्ञान मेहता, राकेश मंत्री उपस्थित रहे।