गरोठ। थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ाबुजुर्ग में दूषित आइसक्रीम खाने से बच्चों सहित करीब 22 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। बीमारों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। सभी को उल्टी-दस्त और मुंह से झाग आने की शिकायत हुई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
गरोठ ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दरबार सिंह चौहान ने बताया कि प्राथमिक आशंका दूषित आइसक्रीम खाने की है। जानकारी के अनुसार गांव में बोलिया क्षेत्र का एक व्यक्ति मटका कुल्फी बेचने आता है। बच्चों ने उससे आइसक्रीम खरीदी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
कुछ बच्चों का गांव में ही प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि गंभीर हालत वाले बच्चों को भवानीमंडी के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती 8 बच्चों में से एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अन्य बच्चों की स्थिति सामान्य है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और घर-घर जाकर बच्चों की जांच शुरू की। बीएमओ डॉ. दरबार सिंह चौहान स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में दीपक फरक्या, घनश्याम जांगड़े, श्वेता विश्वकर्मा, सीएचओ रघुवीर सिंह, एएनएम हेमंत कुमारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सरपंच प्रतिनिधि कमलेश खैर और आशा कार्यकर्ता भी मौके पर उपस्थित रहे।
डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में दूषित आइसक्रीम को बीमारी का कारण माना जा रहा है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।