शहडोल। जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण किसान और एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गुस्साए हाथी ने किसान और गाय को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, केशवाही रेंज के गिरवा कुदरा टोला निवासी किसान छोटे लाल सिंह अपने परिवार के साथ खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान भटककर गांव पहुंचे हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी के हमले में किसान छोटे लाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय भी उसकी चपेट में आ गई और उसकी भी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और अमलाई पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में घटना के बाद भारी डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।