चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा स्थित पाटनी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के मेधावी छात्र हरीश कुमार धाकड़ ने कॉमर्स संकाय में 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर वंडर सीमेंट यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन ने हरीश कुमार धाकड़ सहित सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत परिणाम देकर क्षेत्र में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
कॉमर्स एवं साइंस संकाय में शानदार प्रदर्शन-
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि कॉमर्स संकाय में सिया मूंदड़ा ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा ईशान गोयल ने 95.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं विज्ञान संकाय में श्रीहरी एस. नायर ने 88.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम, लायशा जैन ने 88.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा आशुतोष आमेटा ने 83.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण प्रणाली का परिणाम
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि पाटनी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी निरंतर जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते आ रहे हैं। विद्यालय में अनुभवी फैकल्टी के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।