नीमच। जिले के झांझरवाड़ा धामनिया निवासी 31 वर्षीय मंगल पिता रमेशचंद्र कुशवाहा ठाकुर की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब तीन माह तक इलाज चलने के बाद बुधवार को जिला अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। युवक की मौत से परिवार एवं क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सड़क निर्माण के गड्ढे के कारण हुआ हादसा-
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात करीब 9.30 बजे मंगल अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने सड़क निर्माण कार्य के चलते बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में मंगल के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि उनका साथी भी घायल हो गया था।
तीन माह तक चलता रहा उपचार-
घटना के बाद मंगल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया। बाद में पुनः जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-
बताया जा रहा है कि मंगल अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके तीन छोटी बेटियां हैं। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।