देवास। जिले के टोक कला क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट और आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कई मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्रशासन ने घटना के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया है और फैक्ट्री मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम आग लगने और विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।