नीमच। भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा और जीव दया का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दाऊदी बोहरा समाज ने गुरुवार को नीमच में “बीट द हिट - गर्मी को हराएं” अभियान के तहत एक प्रेरणादायी सामुदायिक राहत कार्यक्रम आयोजित किया। दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर तोलोबा उल-कुल्लियात इल-मुमेनून संस्था द्वारा आयोजित इस सेवा अभियान ने भीषण गर्मी में राहगीरों और जरूरतमंदों को बड़ी राहत पहुंचाई।
भारत माता चौराहा स्थित फोर ज़ीरो क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के युवा सदस्यों ने पूरे उत्साह और सेवा भावना के साथ लगभग 300 लीटर से अधिक ठंडे शरबत का वितरण किया। इस दौरान 1500 से अधिक गिलास शरबत राहगीरों, वाहन चालकों, मजदूरों और आम नागरिकों को पिलाए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए भी एक संवेदनशील पहल की। संस्था द्वारा 50 सकोरे वितरित किए गए तथा शहर के बगीचों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे और संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि “बीट द हिट” अभियान के अंतर्गत गर्मी के मौसम में ठंडे पेयजल वितरण, शरबत सेवा, छाया व्यवस्था, केयर किट वितरण एवं सामुदायिक सहयोग जैसी गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य सेवा, करुणा और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में संस्था का संदेश था- “साथ मिलकर सेवा करें, साथ मिलकर आगे बढ़ें।”