उज्जैन। शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में शौर्य संकल्प योजना-2026 के अंतर्गत अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कूमट तथा ओम राजोरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्ध घुमंतु कल्याण विभाग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कमला कुंवर ने कहा कि देश के युवा राष्ट्र सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ें। मध्यप्रदेश शासन युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर उच्च पदों पर पहुंचें और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह अवसर केवल एक योजना का शुभारंभ नहीं, बल्कि उन सपनों को नई दिशा देने का प्रयास है जो देश सेवा के संकल्प के साथ युवा हृदयों में धड़कते हैं। शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। इसके अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को 45 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई तथा उन्होंने अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन शेफाली चतुर्वेदी ने किया एवं आभार प्रदर्शन सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अनुराधा सिकवार द्वारा किया गया।