सिंगोली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 620 ग्राम अवैध अफीम एवं एक मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा 3 जून को ताल-कोज्या रोड स्थित प्रेमपुरा फंटे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान परलाई की ओर से आ रही एक काले रंग की मोटरसाइकिल का चालक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम दल्लीचंद पिता पन्नालाल धाकड़ निवासी हमेरगढ़, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के बाएं पैनल के अंदर फिल्टर के पास छिपाकर रखी गई पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से 620 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जब्त सामग्री-
- 620 ग्राम अफीम (अनुमानित कीमत 3.10 लाख रुपये)
- हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये)
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा एवं सिंगोली थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।